चिड़ावा: क्षेत्र के सेहीकलां ग्राम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण महाज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम 2 जून से 8 जून तक ग्राम स्थित नेत दादा मंदिर परिसर में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन समिति के प्रवक्ता डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा के दौरान व्यास पीठ से भागवत मर्मज्ञ वाणी भूषण प्रभुशरण तिवाड़ी श्रद्धालुओं को अपनी ओजस्वी वाणी से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त चरित्रों, धर्म, भक्ति और मानव जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

आयोजन के दौरान प्रतिदिन मधुर भजन, धार्मिक संगीत और आकर्षक सजीव झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। कथा स्थल को विशेष धार्मिक सजावट से भव्य रूप दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति द्वारा विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गांव के ग्रामीणजन सामूहिक रूप से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। पुरुषोत्तम मास में आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देगा।





