चिड़ावा। मानवता, करुणा और सेवा की भावना को समर्पित जनसहयोग से संचालित ‘श्री श्याम शरणम् आश्रम’ का रविवार को भव्य शुभारम्भ हुआ। वृद्ध, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद प्रभुजनों की सेवा के उद्देश्य से स्थापित इस आश्रम का उद्घाटन लोहार्गल पीठ के महंत अवधेशाचार्य एवं झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
समारोह के दौरान आश्रम की प्रबंधक अंकिता सैनी ने जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग का पुष्पगुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया।
नर सेवा ही नारायण सेवा है: जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग
समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि असहाय एवं जरूरतमंद वृद्धजनों की सेवा से बढ़कर कोई दूसरा पुण्य कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने संदेश दिया कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, स्वास्थ्य और सुख के साथ जीवन जीने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आश्रम संचालन समिति को भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर वे व्यक्तिगत स्तर पर भी हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
हाल ही में देश के श्रेष्ठ 100 जिला कलेक्टरों में स्थान प्राप्त करने पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की ओर से संजय शर्मा ने डॉ. अरुण गर्ग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समाज के लिए प्रेरणादायी पहल
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पुलिस अधीक्षक सुंदरलाल अरड़ावतिया ने की। उन्होंने कहा कि 82 वर्ष की आयु में उन्होंने चिड़ावा में ऐसा सामाजिक, मानवीय और पुण्य कार्य पहली बार देखा है, जो समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आया है।
इस अवसर पर वाणीभूषण प्रभुशरण तिवारी, गोपाललाल मिश्रा और संजय शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने श्री श्याम शरणम् आश्रम की इस अनूठी पहल को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।




