चिड़ावा: कस्बे में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने किसान की सालभर की मेहनत को पलभर में खत्म कर दिया। वार्ड नंबर 32 में डीएसपी कार्यालय के पीछे स्थित खेत में अचानक आग लगने से करीब 10 बीघा में इकट्ठा की गई गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत के ऊपर से गुजर रही एलटी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे इकट्ठा कर के रखी गई गेहूं की बालियों ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। विकास लामोरिया और चालक हरेंद्र की तत्परता और सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया। अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के कई खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से हेड कांस्टेबल योगेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली लाइन का तार टूटना बताया जा रहा है।

इस हादसे में पीड़ित किसान विद्यादेवी पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश गुर्जर को करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पूरी फसल जल जाने से किसान परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।




