महलावास की सरकारी जमीन पर अवैध प्लॉटिंग का आरोप, ग्रामीणों ने SDM को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

सूरजगढ़: तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत महलावास में सरकारी भूमि पर कथित अवैध प्लॉटिंग और कब्जे के प्रयासों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्राम पंचायत महलावास के सरपंच प्रतिनिधि सुखवीर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी स्वाती झा को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement's

सरकारी भूमि पर प्लॉट काटने का आरोप

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत महलावास की राजकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित भूमि पर पत्थर गाड़कर प्लॉटों का सीमांकन भी किया गया है। पंचायत का कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है और इस पर किसी भी प्रकार की निजी प्लॉटिंग या कब्जा नियमों के विरुद्ध है।

Advertisement's

प्रशासन को कई बार कराया गया अवगत

सुखवीर सिंह ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की ओर से इस मामले की जानकारी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पंचायत का कहना है कि कार्रवाई में देरी के कारण कथित कब्जाधारियों के हौसले बढ़ रहे हैं तथा सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

Advertisement's

निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित भूमि का तत्काल मौके पर निरीक्षण कराया जाए और अवैध प्लॉटिंग तथा कब्जे के प्रयासों को रोका जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Advertisement's

आंदोलन की चेतावनी

ग्राम पंचायत महलावास ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत और ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Advertisement's

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रीतम, प्रकाश, महेश, नरेश, राजवीर, सुभाष, रोहिताश, विनोद लोहान, बजंगरलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!