झुंझुनूं: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पिनरई विजयन पर ईडी कार्रवाई के विरोध में रैली निकाली गई। सीकर सांसद अमराराम और बलवान पूनिया ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

प्रशिक्षण शिविर में पार्टी कार्यक्रम और जनसंघर्षों पर हुई चर्चा
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। माकपा के सोशल मीडिया प्रभारी सचिन चौपड़ा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पहले सत्र में दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर राजीव कुँवर ने पार्टी कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर, छात्र और नौजवानों के अधिकारों के लिए संघर्ष को और मजबूत करने की जरूरत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संपत्तियों को निजी और विदेशी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है तथा माकपा इसके खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

पिनरई विजयन पर ईडी कार्रवाई के विरोध में निकाली रैली
प्रशिक्षण शिविर के दौरान केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में अम्बेडकर भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सीकर सांसद अमराराम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर विपक्ष को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है।

बलवान पूनिया बोले- केरल ने गरीबी खत्म करने की दिशा में किए ऐतिहासिक काम
भादरा के पूर्व विधायक बलवान पूनिया ने कहा कि पिनरई विजयन ने केरल में अपने कार्यकाल के दौरान ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया कि केरल देश का पहला ऐसा राज्य बना जिसने अति-गरीबी खत्म करने की दिशा में बड़े कदम उठाए।

उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि माकपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
दूसरे सत्र में संगठन और पार्टी संविधान पर हुई विस्तृत चर्चा
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे सत्र में आर अरुण कुमार ने पार्टी संगठन, सदस्यता और संविधान पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनता की जनवादी क्रांति के लिए पार्टी लगातार कार्य कर रही है और यह संघर्ष पूंजीपति, जमींदार तथा साम्राज्यवाद जैसी शक्तियों के खिलाफ जारी रहेगा।

उन्होंने पार्टी प्रतिज्ञा, सदस्यता रिकॉर्ड, सदस्यता नवीनीकरण के पांच सूत्रीय मापदंड, सदस्यता जांच प्रक्रिया, मेंबरशिप फीस, पार्टी सदस्यों के अधिकार और कर्तव्यों सहित अखिल भारतीय पार्टी कांग्रेस तथा केंद्रीय समिति की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की।
तीसरे दिन वृंदा करात करेंगी संबोधित
प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन के पहले सत्र में वरिष्ठ पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके संबोधन को लेकर उत्साह बना हुआ है।





