झुंझुनूं: पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 10 हजार रुपये के इनामी टॉप-10 अपराधी सहित कई वांछित स्थायी वारंटियों और फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई इन कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

दुष्कर्म मामले का 10 हजार रुपये का इनामी अपराधी गिरफ्तार
पुलिस थाना सिंघाना की टीम ने दुष्कर्म के प्रकरण में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी टॉप-10 अपराधी अशोक सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी भैसावता कलां, थाना सिंघाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद वह लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपित को भैसावता बणी क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि अशोक सिंह थाना सिंघाना के एक धोखाधड़ी मामले में भी वांछित था। इसके अलावा पुलिस थाना झोटवाड़ा, जयपुर में दर्ज हत्या के मामले में भी वह 10 हजार रुपये का इनामी आरोपित बताया गया है। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।

जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
सिंघाना थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक प्रकरण में वांछित हरीशचन्द्र पुत्र दूलीचंद निवासी खानपुर तथा महेश कुमार पुत्र दूलीचंद निवासी खानपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में खानपुर गांव में समझौते के बहाने बुलाकर लोहे की रॉड और सरियों से हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हुए थे। मामले में एक आरोपित दूलीचंद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष दोनों आरोपितों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध शराब बिक्री मामले में फरार आरोपित दबोचा
सिंघाना पुलिस ने अवैध शराब बेचने के मामले में फरार चल रहे संदीप कुमार पुत्र सत्यवीर निवासी सांवलोद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मई 2026 में कार्रवाई के दौरान आरोपित मौके से फरार हो गया था जबकि अवैध शराब जब्त कर ली गई थी। लगातार तलाश के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस थाना मेहाड़ा ने अवैध खनन और निर्गमन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त किया है। इस मामले में देशराज पुत्र उमराव सिंह निवासी टीलावाली, थाना खेतड़ीनगर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम 1957 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो स्थायी वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस थाना बबाई की टीम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खेतड़ी द्वारा जारी स्थायी वारंट में वांछित राजपाल उर्फ हाथिड़ा पुत्र मालाराम निवासी दलेलपुरा को गिरफ्तार कर पुलिस थाना शाहजहांपुर, जिला कोटपूतली-बहरोड़ को सुपुर्द किया।
वहीं पुलिस थाना मुकुंदगढ़ की टीम ने स्थायी वारंटी रामनिवास पुत्र बालूराम निवासी पबाना को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी के सुपुर्द किया।

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
झुंझुनूं पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों, फरार वारंटियों, अवैध शराब कारोबारियों और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।




