पिलानी, 28 मार्च 2025: काग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पिलानी व चिड़ावा ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्यों की मीटिंग शनिवार को पिलानी में आहूत की जाएगी। संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित की जाने वाली इस बैठक में विधायक पितराम सिंह काला व प्रदेश सचिव योगेश नागर भी शामिल होंगे।

पिलानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद सिंह काजला ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों पर चर्चा के साथ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना रहेगा। इसके अलावा पंचायत-निकाय चुनाव के मद्देनजर परिसीमन प्रक्रिया में सरकार के स्तर पर की जा रही गड़बड़ी के अलावा राज्य व केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों पर भी पार्टी नेता चर्चा करेंगे।

कांग्रेस के पिलानी ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह पूनिया ने बताया कि 29 मार्च को सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय के पास लक्ष्य गार्डन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रधान, पूर्व प्रधान, ब्लॉक अध्यक्ष, महामंत्री, नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच गण, पार्षद गण, कार्यकारिणी सदस्य एवं समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।