ममता बनर्जी ने नवकार महामंत्र दिवस पर दिया एकता का संदेश, वक्फ संशोधन विधेयक को बताया मुर्शिदाबाद हिंसा का कारण

कोलकाता, पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को कोलकाता में आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुईं। यह आयोजन जैन समाज द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी देखने को मिली। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने समाज में फैल रही वैमनस्यता और हालिया मुर्शिदाबाद हिंसा के संदर्भ में गहरी चिंता व्यक्त करते हुए वक्फ संशोधन विधेयक को इसका कारण बताया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर “फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाने का आरोप लगाया।

भगवान महावीर के संदेश का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जैन समाज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा, “मैं अपने सभी जैन धर्मावलंबियों के लिए शांति और प्रेम की प्रार्थना करती हूं। हम ‘जियो और जीने दो’ की राह पर चलना चाहते हैं, यही भगवान महावीर का मंत्र था।” उन्होंने आयोजन में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी को भारत की विविधता और एकता का प्रतीक बताया।

Advertisement's

मुर्शिदाबाद हिंसा के लिए भाजपा और वक्फ विधेयक को ठहराया जिम्मेदार

ममता बनर्जी ने मंगलवार को मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में भड़की हिंसा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित वक्फ संशोधन विधेयक के कारण अल्पसंख्यक समुदाय में असंतोष है, जिसे राजनीतिक लाभ के लिए भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम बंगाल में फूट डालो और राज करो की नीति नहीं चलने देंगे। जब तक दीदी हैं, आप सबका ख्याल रखा जाएगा।”

बांग्लादेश के हिंदुओं का उदाहरण देते हुए एकता का आह्वान

मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के धार्मिक उत्पीड़न का उल्लेख करते हुए कहा कि एकजुटता ही किसी समाज की असली शक्ति है। उन्होंने कहा, “बांग्लादेश हमने नहीं बनाया, हमारे पूर्वजों ने बनाया। लेकिन आज हमें यह देखना है कि हम सभी समुदायों को साथ लेकर चलें। मैं वादा करती हूं कि आपकी संपत्ति की रक्षा की जाएगी।”

हर धर्म और त्यौहार में भागीदारी की प्रतिबद्धता

ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें कई बार पूछा जाता है कि वह हर धर्म के कार्यक्रम में क्यों जाती हैं। इस पर उन्होंने कहा, “मैं जाऊंगी, चाहे आप मुझे गोली मार दो, मैं तब भी जाऊंगी। आप मुझे मार सकते हैं, लेकिन रोक नहीं सकते। मैं हमेशा एकता की बात करूंगी।”

भाजपा पर हिंदू धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “वे मुझे बदनाम करते हैं कि मैं हिंदू धर्म की रक्षा नहीं करती। मैं पूछती हूं, कौन से प्रोग्राम को मैंने रोका है? बंगाल में हर समुदाय को अपने धर्म का पालन करने की पूरी आज़ादी है। यही असली बंगाल है।”

Advertisement's
Advertisement’s

मुर्शिदाबाद में हालात नियंत्रण में, इंटरनेट सेवा निलंबित

मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में मंगलवार को वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, पथराव किया गया और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है और धारा 144 लागू की गई है। इंटरनेट सेवा 10 अप्रैल की शाम 6 बजे तक निलंबित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!