झुंझुनूं: जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत जिलेभर में अलसुबह से ही बदमाशों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है और कई वांछित अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आने लगे हैं।

पुलिस द्वारा इस अभियान को पूरी रणनीति के साथ अंजाम दिया जा रहा है। जिले के 6 वृत क्षेत्रों में कुल 30 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें करीब 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सभी टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजकर एक साथ दबिश दी जा रही है, जिससे बदमाशों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पा रहा।
इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने पहले से चिन्हित बदमाशों, वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों के घरों और गांवों में बड़े स्तर पर रेड डाली है। कई स्थानों पर अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग एडिशनल एसपी देवेंद्र राजावत द्वारा लगातार की जा रही है। वे सभी टीमों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और जरूरत के अनुसार दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं, जिससे अभियान प्रभावी तरीके से आगे बढ़ सके।
यह अभियान प्रदेश मुख्यालय के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि अपराधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।




