चिड़ावा में टला बड़ा हादसा, हाइटेंशन लाइन फाल्ट से टूटे तार, मची अफरा-तफरी

चिड़ावा, 18 जून: शहर के झुंझुनूं रोड स्थित कॉलेज ग्राउंड के सामने निजामपुर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सूर्य नगर क्षेत्र से गुजर रही 11 केवी की हाइटेंशन लाइन में अचानक फाल्ट हो गया। इस दौरान लाइन के तार तेज धमाके के साथ टूटकर नीचे गिर गए, लेकिन गनीमत रही कि मौके से गुजर रहे राहगीर और वाहनचालक चपेट में नहीं आए। लोगों ने दौड़कर जान बचाई और बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या सात के सूर्य नगर क्षेत्र में स्थित निजामपुर मार्ग पर मंगलवार को अचानक हाइटेंशन लाइन में तकनीकी खराबी आने से तेज आवाज के साथ तार टूट गए। टूटे तारों के नीचे उस समय लोग और वाहन गुजर रहे थे, लेकिन समय रहते सभी ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया। तार टूटने के बाद एक विद्युत पोल में तेज करंट प्रवाहित हुआ, जिससे पोल जमीन से हिल गया और नीचे की मिट्टी धंसने से पोल टेढ़ा हो गया।

इस घटना में पास के एक घर में लगा बिजली मीटर भी जल गया और घरेलू उपकरणों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के साथ तार गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और वाहन चालकों ने जान बचाने के लिए दौड़ लगाई और कई वाहन साइड में खड़े कर दिए गए। कुछ ही पलों में पूरा इलाका खतरे के कारण सन्नाटे में तब्दील हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की जेईएन दीपिका गोदारा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई और लाइन को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि अचानक तकनीकी खराबी के चलते लाइन में फाल्ट हुआ, जिससे तार टूट गए।

स्थानीय निवासियों ने विभाग से नियमित रूप से लाइन की जांच और रखरखाव की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय पर बिजली बंद न की जाती तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!