उदयपुरवाटी में निराश्रित पशुओं से लगातार बढ़ता संकट, आमजन परेशान

उदयपुरवाटी (झुंझुनूं), 18 जून: नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों निराश्रित पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। खासकर झुंझुनूं रोड पर स्थित घूमचक्कर मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इन पशुओं के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निराश्रित पशु कभी भी राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे अब तक दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस समस्या को लेकर पूर्व में पार्षदों और नागरिकों ने संबंधित विभागों को कई बार शिकायतें भी दी थीं, लेकिन निराकरण नहीं हो सका।

रोजाना मुख्य बाजार, बस स्टैंड और आवासीय कॉलोनियों में आवारा गोवंश खुलेआम घूमते देखे जा सकते हैं। कई बार वाहन सवारों के साथ टकराव की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति न सिर्फ आम जनजीवन के लिए मुश्किल खड़ी कर रही है, बल्कि सड़क हादसों की आशंका को भी बढ़ा रही है।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बेसहारा पशुओं को पकड़कर निकटवर्ती गौशालाओं में भेजा जाए ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। इसके साथ ही स्थायी समाधान के लिए नगरपालिका प्रशासन को कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करना चाहिए।

नगर पालिका क्षेत्र में बढ़ती इस समस्या को लेकर आमजन में रोष व्याप्त है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों से शीघ्र कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!