झुंझुनूं में हर्षिनी कुलहरी को मिली भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी, सूरजगढ़ में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

सूरजगढ़, 18 जून: झुंझुनूं जिले की राजनीति में एक नया मोड़ सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने जिले की मौजूदा जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की घोषणा मंगलवार देर रात भाजपा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा की गई। हर्षिनी कुलहरी की नियुक्ति से न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई, बल्कि जिले में महिला नेतृत्व को भी नई ऊर्जा मिली है।

हर्षिनी कुलहरी ने जिला प्रमुख के रूप में कांग्रेस के लंबे समय से कायम प्रभाव को समाप्त किया था। अब उन्हें पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही सूरजगढ़ में पूर्व विधायक सुभाष पूनियां के निवास पर कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हर्षिनी कुलहरी मंडावा से दो बार विधायक रह चुके और झुंझुनूं से पूर्व सांसद रहे नरेंद्र कुमार की पुत्रवधू हैं। वे वर्तमान में झुंझुनूं की जिला प्रमुख भी हैं। पार्टी ने उन्हें यह दायित्व आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए सौंपा है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस नियुक्ति के साथ झुंझुनूं जिले में पहली बार किसी महिला को भाजपा की जिला इकाई की कमान मिली है। इससे महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा के इस फैसले को शेखावाटी अंचल में खासतौर से जाट समाज और महिला वर्ग को पार्टी से जोड़ने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा नेतृत्व द्वारा की गई इस नियुक्ति से यह भी स्पष्ट होता है कि पार्टी संगठन स्थानीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए आगामी चुनावी रणनीति को आकार दे रहा है। हर्षिनी कुलहरी का राजनीतिक अनुभव और सामाजिक पकड़ संगठन को नई दिशा देने में सहायक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!