छह स्कूलों को उड़ाने की धमकी से दिल्ली में हड़कंप, पुलिस सतर्क

नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार, 13 दिसंबर को एक बार फिर से स्कूलों को बम की धमकी वाले ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की और स्कूल परिसरों में जांच शुरू की। अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

कौन-कौन से स्कूलों को धमकी मिली?

दिल्ली के प्रतिष्ठित स्कूलों को बम की धमकी वाले ई-मेल प्राप्त हुए हैं। इन स्कूलों में ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित डीपीएस, सलवान स्कूल, मॉडर्न स्कूल और कैंब्रिज स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा, भटनागर पब्लिक स्कूल (पश्चिम विहार), श्रीनिवासपुरी का कैंब्रिज स्कूल, साउथ दिल्ली पब्लिक स्कूल (डिफेंस कॉलोनी), दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल (सफदरजंग एन्क्लेव) और वेंकटेश पब्लिक स्कूल (रोहिणी) को भी धमकी मिली है।

जांच की प्रक्रिया

पुलिस और अग्निशमन विभाग ने सुबह 4:30 बजे पहला अलर्ट मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की। सभी स्कूल परिसरों में गहन जांच की गई। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, “हम विस्तृत जांच के लिए सामान्य मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन कर रहे हैं।”

ई-मेल का विवरण

प्राप्त ई-मेल में बताया गया कि इस धमकी के पीछे एक गुप्त डार्क वेब समूह का हाथ है। मेल में लिखा था कि बम इतने शक्तिशाली हैं कि वे इमारतों को पूरी तरह नष्ट कर सकते हैं और कई जानें ले सकते हैं। मेल में यह भी उल्लेख किया गया था कि 14 दिसंबर तक संभावित गतिविधियों को अंजाम देने की योजना है।

ई-मेल में यह भी जानकारी दी गई थी कि इनमें से कुछ स्कूल अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित कर रहे हैं और कुछ स्कूल खेल दिवस की तैयारियों में जुटे हैं। मेल में इस भीड़भाड़ को लक्षित करने की बात कही गई थी।

अभिभावकों और प्रशासन में चिंता

इस धमकी ने छात्रों के अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को चिंता में डाल दिया है। पुलिस और स्कूल प्रशासन ने छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!