दिल्ली के स्कूलों के बाद आरबीआई को उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त हुई, जिसमें रूसी भाषा में चेतावनी दी गई है। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने माता रमाबाई मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रूसी भाषा में मिली धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईमेल में दावा किया गया है कि आरबीआई को बम से उड़ाने की योजना बनाई गई है। इस मेल ने न केवल आरबीआई बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही, ईमेल की सत्यता और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है।

नवंबर में भी मिली थी धमकी

यह पहली बार नहीं है जब आरबीआई को इस प्रकार की धमकी मिली है। इससे पहले नवंबर महीने में आरबीआई के ग्राहक सेवा विभाग को एक धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का सीईओ बताया था और आरबीआई को उड़ाने की धमकी दी थी।

उस समय भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की थी। हालांकि, बाद में वह कॉल झूठी साबित हुई थी, लेकिन ऐसी घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं।

दिल्ली के स्कूलों को भी मिली धमकी

आरबीआई को धमकी मिलने के कुछ घंटे पहले ही दिल्ली के छह नामी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इन स्कूलों को ईमेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की तलाशी ली।

इन स्कूलों में ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित डीपीएस, सलवान स्कूल, मॉडर्न स्कूल और कैंब्रिज स्कूल शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। हालांकि, धमकी के मद्देनजर स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!