बहरामपुर: रविवार को, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युसूफ पठान को पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया। पठान ने चुनाव मैदान में उतारने के लिए TMC प्रमुख और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
सोशल मीडिया पर पठान ने कहा
“तृणमूल कांग्रेस परिवार मेरे शामिल होने का स्वागत करने और मुझे संसद में लोगों की आवाज बनाने की जिम्मेदारी देने के लिए भरोसा जताने पर अभारी हूं। लोगों के प्रतिनिधियों के रूप में गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए काम करना हमारा कर्तव्य और दायित्व है। मुझे यकीन है कि हम इसे हासिल कर लेंगे।”
बहरामपुर सीट पर 1999 से कांग्रेस का कब्जा
गौरतलब है कि बहरामपुर सीट पर 1999 से कांग्रेस का कब्जा है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी की यह सीट परंपरागत मानी जाती है। वह लगातार 5 बार यहां से लोकसभा चुनाव जीते हैं। वहीं, इस सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी 2011 की जनगणना के अनुसार तकरीबन 52 फीसदी हैं। ममता बनर्जी ने इस सीट पर युसूफ पठान को उतारकर कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने का बड़ा प्रयास किया है।
ममता बनर्जी का बयान
ममता बनर्जी ने कहा, “यूसुफ पठान एक युवा और प्रेरणादायक व्यक्ति हैं। उन्हें खेल और राजनीति दोनों में अनुभव है। मुझे विश्वास है कि वह बहरामपुर का प्रतिनिधित्व बखूबी करेंगे।”
टीएमसी ने कीर्ति आजाद को भी उम्मीदवार बनाया
ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने पूर्व क्रिकेटर युसूफ पठान के अलावा कीर्ति आजाद (Kirti Azad) को भी बर्धमान-दुर्गापुर (Bardhaman Durgapur) लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।




