सूरजगढ़: कस्बे में मंगलवार देर रात काजड़ा चुंगी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहारू की तरफ जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक सड़क किनारे स्थित फल-सब्जी की दुकान को भी अपनी चपेट में लेता हुआ पलटा, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा मंगलवार की मध्य रात्रि के बाद हुआ। ट्रक के पलटते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के समय सड़क किनारे लोगों की आवाजाही नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय भीड़ होती तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी फल-सब्जी की दुकान पर पलटा, जिससे दुकान में रखा सामान बिखर गया और दुकान को भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना तेज था कि आसपास के लोग भी धमाके से सहम गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को हटवाने और यातायात सुचारू करवाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि दुकान मालिक को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।




