सुरजगढ़: स्वामी सेही स्थित बाबा गोकुलनाथ पब्लिक स्कूल में महिलाओं के लिए एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य डिजिटल युग में सामने आ रहे सामाजिक खतरों से महिलाओं को अवगत कराना और उन्हें सजग नागरिक के रूप में सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में थानाप्रभारी हेमराज मिणा और सरला पाठशाला, चिड़ावा की संचालिका अनीता पुनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

शिविर के दौरान दोनों वक्ताओं ने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उन्हें फर्जी कॉल्स, साइबर ठगी, बच्चों की मोबाइल की आदत और समाज में हो रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सचेत रहने की अपील की। थानाप्रभारी हेमराज मिणा ने कहा कि आज की महिलाएं केवल घरेलू भूमिका तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज के हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। ऐसे में उन्हें डिजिटल अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदेहास्पद स्थिति में महिलाओं को तत्काल पुलिस से संपर्क करना चाहिए।

अनीता पुनिया ने अपने वक्तव्य में कहा कि बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत एक गंभीर सामाजिक चुनौती बनती जा रही है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के समय प्रबंधन पर ध्यान दें और उन्हें रचनात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करें, जिससे उनका मानसिक और सामाजिक विकास संतुलित रूप से हो सके।

कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं में मनिषा भालोठिया, रीना देवी, मुकेश देवी, सुमन देवी, मैना देवी, निशा देवी, सोमकोर, गायत्री देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी सहित कई अन्य ग्रामीण महिलाएं शामिल रहीं। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।

इस जागरूकता शिविर का संचालन राजेन्द्र चौधरी और सरोज चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। दोनों ने विषय की गंभीरता को रेखांकित करते हुए महिलाओं से कहा कि वे न केवल स्वयं सतर्क रहें बल्कि अपने आस-पास की महिलाओं को भी जागरूक करें, ताकि पूरे समाज में सजगता और सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम सफलतापूर्वक और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!