सुलताना थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

चिड़ावा: सुलताना थाना क्षेत्र के गोवला गांव की सीमा में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव खेजड़ी के पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह शेखावत पुत्र रघुवीर सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी श्योलालपुरा तन भुकाना, जामनगर, गुजरात में कार्यरत एक निजी कंपनी में कर्मचारी के रूप में हुई है। वह करीब दस दिन पहले अपने गांव छुट्टी पर आया था।

परिवार के अनुसार, गुरुवार दोपहर वह जामनगर लौटने के लिए घर से निकला था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसका शव खेतों के पास एक पेड़ से लटका मिला। सुबह करीब साढ़े छह बजे गोवला निवासी ओमप्रकाश जाट जब अपने खेत की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने युवक को खेजड़ी के पेड़ से लटका देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।

जानकारी मिलने के बाद मृतक का बड़ा भाई मुकेश सिंह शेखावत मौके पर पहुंचा और शव की पहचान की। सूचना पर चनाना चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।

मृतक के भाई मुकेश ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की आशंका से इनकार किया है। पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक जितेंद्र विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा आठ वर्ष और बेटी छह वर्ष की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!