सदर थाना पुलिस ने नकबजनी के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, टोंक जिले के रहने वाले दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में रह चुके हैं शामिल

झुंझुनूं: सदर थाना क्षेत्र के मारीगसर गांव में हुई बड़ी चोरी की वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के निर्देशन, वृताधिकारी विरेंद्र कुमार शर्मा के सुपरविजन और सदर थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

घटना 22 मार्च 2025 की रात की है जब मारीगसर निवासी संदीप कुमार, मनोज पारीक और सुरेश कुमार के घरों में ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी व भारी मात्रा में आभूषण चुरा लिए थे। रिपोर्ट के अनुसार सुरेंद्र राहड़ के घर से सोने की हमेल, टेवटा, चुड़ा, चैन, रखड़ी, हार, झुमके, अंगूठी, नथ, चांदी की पाजेब, चांदी के सिक्के, नकद राशि और धार्मिक प्रतीक चुराए गए। मनोज पारीक के घर से भी सोने और चांदी के आभूषण, नकदी और चांदी की प्लेट चोरी हुई। सुरेश कुमार के घर से दस हजार रुपये नकद और चांदी का चौपड़ा चोरी हुआ।

पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी सहायता और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों का पता लगाया। इनमें कालुराम उर्फ कालु उर्फ लक्ष्मण पुत्र शंकर निवासी पथराज खुर्द, तहसील टोडारसिंह, थाना मोर, जिला टोंक तथा ओमप्रकाश उर्फ ओम्या उर्फ मायाराम पुत्र हरजीराम निवासी जेलमिया, तहसील मालपुरा, थाना डिग्गी, जिला टोंक को ट्रेस कर प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच में सामने आया है कि कालुराम पर दो और ओमप्रकाश पर चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से चोरी की वारदातों की कई कड़ियां खुलने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई में सुभाषचंद्र सिहाग, विकास, अजीत और रविशंकर शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गहन अनुसंधान के बाद चोरी हुए माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!