सूरजगढ़: थाना क्षेत्र में पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे ईनामी आरोपी बाबूलाल को सूरजगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। यह कार्रवाई कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के निर्देश, वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन और थानाधिकारी हेमराज मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।

घटना की जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के समय घर पर केवल नाबालिग पुत्री मौजूद थी। इसी दौरान बाबूलाल कुमावत निवासी सुजडौला घर में घुस आया और उसके साथ गलत हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी ने धमकी देकर वहां से भागने की कोशिश की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद से आरोपी बाबूलाल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपी की सूचना देने पर 2500 रुपये का इनाम घोषित किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बाबूलाल को दस्तयाब कर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी हेमराज सिंह के साथ पुलिस कर्मी महेश सोमरा, प्रवीण कुमार, राजकुमार और महिला कांस्टेबल अजमता शामिल रहे। आरोपी बाबूलाल पुत्र कुन्दनलाल, जाति कुमावत, उम्र 38 वर्ष निवासी सुजडौला, थाना सूरजगढ़, जिला झुंझुनूं का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और सख्त रुख जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!