चिड़ावा में झगड़ते सांडों की चपेट में आया राहगीर, सिर में गंभीर चोट, झुंझुनूं किया गया रैफर
चिड़ावा: नगर की सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी लगातार लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। शनिवार शाम शहर के मुख्य बाजार में दो सांडों के आपसी संघर्ष के दौरान एक राहगीर उनके बीच फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गौशाला रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर बावलिया बाबा मंदिर के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी मनोज कुमार अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था और मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। मुख्य बाजार से गुजरते समय वहां आपस में लड़ रहे दो सांडों ने मनोज को चपेट में ले लिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उठाकर चिड़ावा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. निर्मला चौधरी ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मनोज बाजार से पैदल गुजर रहा था, उसी समय दो सांडों में जोरदार भिड़ंत हो रही थी। उसी दौरान मनोज उनकी चपेट में आ गया। घटना के बाद लोगों ने आक्रोश जताते हुए नगर पालिका प्रशासन से बेसहारा पशुओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सांडों के झगड़े के दौरान मनोज को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के चलते आमजन में भय का माहौल है और नगर पालिका से सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

