लाडून्दा को ग्राम पंचायत बनाने के लिए ग्रामीणों ने दिया ज्ञापन, कहा राजनीतिक कारणों से नहीं बनाया जा रहा गांव को पंचायत

पिलानी पंचायत समिति क्षेत्र के गांव लाडून्दा के ग्रामीण आज तहसील कार्यालय पर पहुंचे और गांव को ग्राम पंचायत बनाए जाने को लेकर ज्ञापन सौंपा। पंचायत राज मंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में बताया गया है कि गांव को सबसे पहले पंचायती राज व्यवस्था के तहत पीपली और 15 वर्ष पूर्व परिसीमन के बाद दूदवा ग्राम पंचायत के अधीन शामिल किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के लिए तमाम निर्धारित मापदण्ड पूरा करने के बावजूद लाडून्दा के ग्रामवासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और राजनैतिक कारणों के चलते राजस्व ग्राम लाडून्दा को ग्राम पंचायत नहीं बनाया जा रहा।

पंचायत की मांग को लेकर तहसील पहुंचे ग्रामवासियों ने बताया कि जनगणना वर्ष 2011 के अनुसार लाडून्दा की जनसंख्या 3108 थी, जो अब बढकर वर्ष 2025 तक लगभग 5000 के आस-पास हो चुकी है। गाँव का भौगोलिक क्षेत्रफल 1189.39 हैक्टेयर है। वर्तमान में गाँव में उप स्वास्थ्य केन्द्र, डाकघर, वाटर फिल्टर प्लांट, रा.प्र. संस्कृत विद्यालय, रा.उ.मा. विद्यालय तथा गैर सरकारी विद्यालय, पशु चिकित्सालय, दो आंगनबाड़ी संचालित हैं और राजकीय भवन भी बना हुआ है। ज्ञापन देने आए लोगों ने बतायज कि वर्तमान में ग्राम लाडून्दा हर उस मानक को पूर्ण करता है जो एक ग्राम पंचायत में होना आवश्यक है। यही नहीं पंचायत समिति पिलानी के अन्तर्गत आने वाली समस्त ग्राम पंचायतों में लाडून्दा सबसे बड़ा राजस्व ग्राम है।

ग्रामीणों की इस मांग का पूर्व उप प्रधान, वर्तमान सरपंच, जन प्रतिनिधियों, भूतपूर्व सरपंचों, वर्तमान एवं पूर्व वार्ड पंच व अन्य सभी गणमान्य लोगों ने समर्थन किया है।

लाडून्दा के रामसिंह मान, विक्रम सिंह, सुरेश, राजेश, राधेश्याम, रतन लाल, सोमवीर, धर्मेन्द्र, बलबीर, पवन कुमार, मनोज, महावीर, अनिल, दयानन्द सहित अन्य ग्रामवासियों ने नायब तहसीलदार हरीश यादव को पंचायत राज मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!