चिड़ावा: आसमान से बरसती आग, लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए ‘श्री राम परिवार’ एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनकर सामने आया है। संस्था की ओर से सोमवार को विशेष ‘परिंडा अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ खेतड़ी रोड स्थित मुक्तिधाम परिसर में विधि-विधान के साथ 11 परिंडे बांधकर किया गया।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, राजकीय परिसरों और धार्मिक स्थानों पर परिंडे लगाए जाएंगे। साथ ही उनमें नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी संस्था के सदस्य निभाएंगे।

श्री राम परिवार के सदस्यों ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बेजुबान और बेसहारा पशु-पक्षियों की निःस्वार्थ सेवा करना है। गर्मी के मौसम में पानी की कमी के कारण कई पक्षियों की मौत हो जाती है। ऐसे में परिंडा अभियान के माध्यम से उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था ने समाज के लोगों से भी अपील की कि वे अपने घरों की छतों और आसपास दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य करें।

इस पुनीत और परोपकारी अभियान के दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने परिंडों की देखरेख और नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि यदि समाज का हर व्यक्ति एक छोटा प्रयास करे तो हजारों बेजुबान पक्षियों की जिंदगी बचाई जा सकती है।





