सिंघाना: भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के तहत भाजपा एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने सुरेन्द्र भाटिया को दूसरी बार झुंझुनूं जिले के एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद शनिवार को खेतड़ी नगर पहुंचने पर सुरेन्द्र भाटिया का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र भाटिया के खेतड़ी आगमन पर विधायक धर्मपाल गुर्जर के नेतृत्व में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर, साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति भाटिया की सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता की सराहना की।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि सुरेन्द्र भाटिया के नेतृत्व में भाजपा एससी मोर्चा जिले में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा।

इस अवसर पर विकास सैनी, राजकुमार बाडेटिया, महिपाल दौराता, महावीर सैनी, सतीश खरड़िया, सुरेश मेघवाल, सुनील सिंघल, रामेश्वर और रामानन्द सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सुरेन्द्र भाटिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।





