बोरवेल को पानी की टंकी से जोड़ने के मामले ने तूल पकड़ा, कॉलोनी के लोगों ने उपखण्ड अधिकारी को दिया ज्ञापन

चिड़ावा, 15 अक्टूबर 2024: वार्ड नंबर 12 और 13 में बोरवेल को पानी की टंकी से जोड़ने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को वार्डवासियों ने कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी बलबीर सिंह कुल्हरी को ज्ञापन देकर खेतड़ी रोड़ पर पावर हाउस के सामने बने बोरवेल को पानी की टंकी से नहीं जोड़ने की मांग की है।

वार्डवासियों का कहना है कि जिस बोरवेल को टंकी से जोड़ने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारी और कुछ स्थानीय लोग प्रयास कर रहे हैं, वह 40 वर्ष पुराना है। इस बोरवेल से सूरजगढ़ मोड़ से कबूतर खाना बर्फ फैक्ट्री तक और भूतनाथ मन्दिर से पावर हाउस के सामने की कॉलोनी में लगभग 1200 घरों को पानी सप्लाई किया जाता है। गर्मियों में इस बोरवेल से 2 दिन से जलापूर्ति हो पा रही थी। ऐसे में जलदाय विभाग की टंकी से इसे जोड़ने पर ना टंकी में पर्याप्त पानी चढ़ाया जा सकेगा और ना ही जिन 1200 घरों में इससे कनेक्शन दिये गए हैं, उनको जलापूर्ति हो पाएगी।

उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधि मण्डल का नेतृत्व कर रहीं उद्यमी और सोशल एक्टिविस्ट यशु सिंह ने बताया कि जलदाय विभाग की जिस पानी की टंकी में पानी चढ़ाने के लिए इस बोरवेल को जोड़ने की कवायद की जा रही है, उस टंकी के पास ही 2 अन्य बोरवेल भी हैं। इन दोनों ही बोरवेल में से 1 बोरवेल से मात्र 20-25 घरों को और दूसरे से लगभग 200 ही घरों को जलापूर्ति की जा रही है। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि आखिर पीएचईडी के अधिकारी इसी बोरवेल के पीछे क्यों पड़े हैं।

बोरवेल को पानी की टंकी से जोड़ने के मामले ने तूल पकड़ा, कॉलोनी के लोगों ने उपखण्ड अधिकारी को दिया ज्ञापन
बोरवेल को पानी की टंकी से जोड़ने के मामले ने तूल पकड़ा, कॉलोनी के लोगों ने उपखण्ड अधिकारी को दिया ज्ञापन

यशु सिंह का कहना है कि जिन जन प्रतिनिधियों पर जनता की समस्या को सुलझाने की जिम्मेदारी होती हैं, वे निहित स्वार्थ के वशीभूत इस मुद्दे को और अधिक उलझा रहे हैं। यहां तक कि कॉलोनी के लोगों को ही आमने-सामने खड़ा कर दिया है, जहां वे आपस में संघर्ष करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पीएचईडी जेईएन आदित्य मिश्रा की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पीएचईडी के अधिकारीयों को समस्या के निस्तारण हेतु सजग और निष्पक्ष होना चाहिए था। सोशल एक्टिविस्ट यशु सिंह ने कहा कि इलाके के 1200 परिवारों के लिए यह बोरवेल लाइफ लाइन है, और इसे खत्म करने की साज़िश कुछ जन प्रतिनिधि व पीएचईडी के अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साज़िश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

विडियो देखें:

ज्ञापन पर यशु सिंह, देवेन्द्र सैनी, रजनीकांत मान, दलीप सिंह, लक्ष्मी, निर्मला, जयकौरी, जड़ाई, सुलोचना, मणि देवी, पूजा जांगिड़, शशि जांगिड़, सुमन जांगिड़, कमलेश, अनीता, सविता, संतोष, किरण, सुनीता, चांदी, सोनाली, सुशीला, सजना, क्रांति, शीला, मोनिका, आशा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। बाद में वार्ड की महिलाओं का एक प्रतिनिधि मंडल उपखण्ड कार्यालय पहुंचा तथा कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!