बस चालकों के बीच कहासुनी ने लिया तकरार का रूप, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी, चिड़ावा बस स्टैंड पर टक्कर के बाद बढ़ा विवाद, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर उठे सवाल

चिड़ावा, 16 जून 2025: शहर के मुख्य बस स्टैंड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राजस्थान रोडवेज की अनुबंधित बस और एक निजी बस के चालकों के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद गहरा गया। बसों की आपसी भिड़ंत के बाद दोनों चालकों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान यात्रियों को गर्मी में घंटों तक परेशान होना पड़ा।

Advertisement's
Advertisement’s

घटना उस समय घटी जब अनुबंधित बस (RJ 59 PA 0060) बस स्टैंड पर खड़ी निजी बस से हल्के से टकरा गई। टक्कर के कारण दोनों वाहनों को नुकसान हुआ, जिसके बाद दोनों चालकों के बीच जमकर बहस होने लगी। मामला इतना बढ़ा कि निजी बस चालक, रोडवेज बस के ड्राइवर को खींचते हुए चिड़ावा पुलिस चौकी तक ले गया। इस दौरान दोनों बसों में बैठी सवारियां तेज गर्मी में झुलसती रहीं और मौके पर किसी व्यवस्था की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी व्यक्त करती रहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चिड़ावा बस स्टैंड पर सरकारी और निजी बसों के संचालन समय में केवल कुछ ही मिनटों का अंतर होता है, जिससे दोनों पक्षों में सवारियां पहले पकड़ने की होड़ मच जाती है। इस प्रतिस्पर्धा ने अब ऐसी स्थिति पैदा कर दी है जहां आए दिन चालकों के बीच गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और कभी-कभी हाथापाई की घटनाएं सामने आती हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यात्रियों की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं की जा रही। लोक परिवहन बसें रफ्तार में ऐसे दौड़ती हैं जैसे हवाई जहाज हों। लोग अब इसे ‘लोक परिवहन’ नहीं बल्कि ‘लोक-परलोक’ यात्रा कहने लगे हैं, क्योंकि प्रशासन की लापरवाही के कारण ये बसें ओवरस्पीड में चलती हैं और आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

हालांकि बस चालकों के बीच हुए विवाद को लेकर पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई और दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला निपटा लिया। लेकिन यह घटना एक बार फिर से चिड़ावा में सार्वजनिक परिवहन की अव्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड पर स्पष्ट समय-सारणी और संचालन की व्यवस्था लागू की जाए, जिससे इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!