चिड़ावा: निकटवर्ती गांव पिचानवा में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने जोहड़ी बालाजी मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे से भीतर घुसे और वहां से पूजा सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य सामान चुरा ले गए।

मंगलवार को देर रात तक मंदिर में धार्मिक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था, जो रात लगभग बारह बजे तक चला। कीर्तन समाप्त होने के बाद मंदिर के द्वार बंद कर पुजारी गोपी जांगिड़ अपने घर लौट गए। बुधवार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि राम कोटड़ी का ताला टूटा हुआ है और मंदिर के भीतर कई सामान गायब हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच सुरेश कुमार झाझडिया, महेश जांगिड़, ओमप्रकाश शर्मा, भागीरथमल शर्मा, शोनू कुमार, पवनसुत शर्मा और कैलाश शर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर परिसर की स्थिति का जायजा लिया, जिसमें सामने आया कि चोर पानी की मोटर, लगभग पांच किलोग्राम घी के डिब्बे, आहुजा कंपनी का म्यूजिक सिस्टम और अन्य पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना चिड़ावा पुलिस थाने को दे दी गई। चोरी की सूचना पर चौकी प्रभारी बलबीर सिंह चावला मौके पर पहुंचे।

चोरी की इस वारदात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाना निंदनीय है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मंदिरों में सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!