नवलगढ़: क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब प्रशासन हाईकोर्ट के आदेश की पालना में ग्राम परसरामपुरा स्थित गैर मुमकिन नदी भूमि पर बनी खेल स्टेडियम की चारदीवारी को हटाने पहुंचा। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।

कार्रवाई का विरोध कर रहे पूर्व मंत्री डॉ राजकुमार शर्मा सहित 30 से अधिक ग्रामीणों को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए ताकि कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।

उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट नवलगढ़ द्वारा जारी पूर्व प्रेस नोट के अनुसार यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ द्वारा सिविल अवमानना याचिका “ओमप्रकाश बनाम दिनेश कुमार” में पारित आदेशों की पालना में की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि गैर मुमकिन नदी भूमि पर निर्मित चारदीवारी को हटाना न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक था।
प्रशासन ने 12 मई को जारी नोटिस में स्पष्ट किया था कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध, अवरोध या राजकार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से शांति बनाए रखने की अपील भी की गई थी।

मंगलवार सुबह कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जुटने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूर्व मंत्री डॉ राजकुमार शर्मा सहित 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेशों और विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है।




