नवलगढ़ में सड़क हादसे में महिला की मौत, घायल पति अस्पताल में भर्ती

नवलगढ़, 13 मई 2025: सोमवार देर रात नवलगढ़ के बड़वासी गांव के पास एक सड़क दुर्घटना में वीणादास की ढाणी निवासी कृष्णा सैनी की मृत्यु हो गई, जबकि उनके पति सहीराम सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात लगभग एक बजे हुआ जब दंपती जयपुर से स्वास्थ्य जांच करवाकर बाइक से घर लौट रहे थे।

Advertisement's
Advertisement’s

बड़वासी के जोहड़ भूमि क्षेत्र के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कृष्णा सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहीराम सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।

सहीराम सैनी भगेरा में मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने इस दुर्घटना पर संदेह जताते हुए इसे सामान्य हादसे के बजाय साजिश की आशंका बताया है। उनका कहना है कि बाइक को पीछे से जानबूझकर टक्कर मारी गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

परिवारजनों ने बताया कि छह महीने पहले ही सहीराम सैनी की दूसरी शादी हुई थी। हादसे के कारण परिवार गहरे सदमे में है।

Advertisement's
Advertisement’s

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास कर रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

error: Content is protected !!