झुंझुनू जिले के देवरोड़ स्टेडियम के खिलाड़ी ने अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। मोरक्को में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्राण्ड प्रिक्स 2024 में ऊंची कूद में ब्रोंज मेडल जीत कर खिलाड़ी ने देश का मान बढ़ाया है।

स्टेडियम के खेल प्रशिक्षक जयसिंह धनखड़ ने बताया कि नॉर्थ अफ्रीका के देश मोरक्को में 26 से 28 अप्रैल तक वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्राण्ड प्रिक्स 2024 का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में 183 सेमी कूद कर बंटी ने कांस्य पदक हासिल किया है।

खेल प्रशिक्षक जयसिंह धनखड़ ने बताया कि बंटी मूल रूप से चूरू जिले के थिरपाली बड़ी गांव का रहने वाला है और बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि के परिवार से ताल्लुक रखता है। ये और बात है कि कुछ कर गुजरने का उसका जज्बा उसे औरों से बहुत अलग बना देता है। बंटी के पिता सुमेर सिंह मिस्त्री का काम करते हैं, वे 3 साल पहले एक पांव से पोलियो ग्रस्त अपने बेटे को साथ लेकर देवरोड़ स्टेडियम में प्रशिक्षक जयसिंह धनखड़ के पास आए थे। प्रशिक्षक धनखड़ ने बंटी की खेल प्रतिभा को पहचान कर और खेल के प्रति उसकी ललक को देखते हुए पैरा खिलाड़ी के रूप में उसे ट्रेनिंग के लिए सलेक्ट किया था। वह रोज अपने गांव से ट्रेनिंग के लिए देवरोड़ स्टेडियम आता है।

2 साल की ट्रेनिंग के दौरान ही बंटी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत कर नेशनल लेवल पर अपना सलेक्शन सुनिश्चित कर लिया था। अब अपनी पहली ही अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उसने कांस्य पदक हासिल किया है। स्टेडियम के खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर स्टेडियम के अन्य खिलाड़ियों, प्रशिक्षक जयसिंह धनखड़ व ग्रामवासियों ने बंटी को बधाई दी है। देश वापस लौटने पर स्टेडियम में खिलाड़ी का स्वागत व सम्मान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!