झुंझुनूं पुलिस को बड़ी सफलता, दुष्कर्म और अपहरण के ईनामी आरोपी को महाराष्ट्र से किया गिरफ्तार

झुंझुनूं, 15 जून 2025: थाना बगड़ क्षेत्र की पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक ईनामी आरोपी को महाराष्ट्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी शिवा उर्फ मोनू पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह एक माह से फरार था।

Advertisement's
Advertisement’s

पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक QIDT फुलचंद मीणा के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन में बगड़ थाने के प्रभारी चंद्रभान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र से पकड़ा।

घटना की शुरुआत उस समय हुई जब पीड़ित परिवार ने बगड़ थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दी कि उनकी नाबालिग बेटी रात के समय अचानक लापता हो गई है। परिजन ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की।

जांच के दौरान बालिका को दस्तयाब किया गया और सामने आया कि उसका अपहरण कर उससे दुष्कर्म किया गया है। नामजद आरोपी शिवा उर्फ मोनू, निवासी लोयल थाना खेतड़ी नगर, करीब 19 वर्ष का है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस थाना बगड़ द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। साइबर सेल की सहायता से तकनीकी अनुसंधान करते हुए टीम ने आरोपी के महाराष्ट्र में छिपे होने की सूचना के आधार पर वहां दबिश दी और उसे दस्तयाब कर लिया। आरोपी को झुंझुनूं लाकर कानूनी कार्यवाही की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Advertisement's
Advertisement’s

इस कार्यवाही में बगड़ थाना प्रभारी चंद्रभान, सहायक उपनिरीक्षक हजारीलाल, साइबर सेल से हेड कांस्टेबल जितेन्द्र ठाकन, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार व रमन कुमार ने संयुक्त रूप से भूमिका निभाई।

झुंझुनूं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के गंभीर मामलों में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समाज में सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!