फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला आरोपी योगेश उर्फ बजर गिरफ्तार, हरियाणा और राजस्थान में कई मामलों में वांछित

झुंझुनूं, 15 जून 2025: पचेरी कलां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से फोन पर धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश उर्फ बजर को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी झुंझुनूं के साथ-साथ नारनौल (हरियाणा) के कई आपराधिक मामलों में वांछित था।

Advertisement's
Advertisement’s

यह गिरफ्तारी कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के निर्देश पर, वृताधिकारी नोपाराम भाकर के पर्यवेक्षण तथा थाना पचेरी कलां के प्रभारी राजपाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी, मुखबिरों की सूचना और हरियाणा पुलिस की सहायता से आरोपी को दबोचा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई 2025 को पचेरी कलां निवासी निखिल महाजन ने थाने में रिपोर्ट दी कि उसे अज्ञात नंबर से फोन आया जिसमें कॉलर ने खुद को बजर बताते हुए धमकी दी कि वह 2021 की घटना को दोहराएगा और गोली चलाने की चेतावनी दी। आरोपी ने पीड़ित से पैसे की मांग की और कहा कि चाहे तो पुलिस को बता दे या गुंडों से मदद ले ले, वह 24 घंटे में गोली चलने की धमकी दे रहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर थाना पचेरी कलां में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी योगेश उर्फ बजर, निवासी नारनौल हरियाणा, घटना के बाद से फरार था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने संभावित स्थानों पर दबिश दी। अंततः तकनीकी सहयोग और मुखबिर की सूचना के आधार पर हरियाणा में उसे गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पता चला कि आरोपी पुलिस थाना सिंघाना और सदर नारनौल के कई मामलों में वांछित है। उसके खिलाफ नारनौल थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 से लेकर 2023 तक कई संगीन प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी, रंगदारी, तोड़फोड़ और डकैती जैसे अपराध शामिल हैं। इनमें से प्रमुख मामले क्रमशः—प्रकरण संख्या 82/2023, 81/2023, 705/2023, 384/2023, 73/2023, 408/2021 और 239/2021 हैं।

Advertisement's
Advertisement’s

इस कार्यवाही में थाना पचेरी कलां से उपनिरीक्षक फतेह सिंह, नरेश कुमार, कृष्ण कुमार, साइबर सेल से हेड कांस्टेबल दिनेश, और पुलिस कर्मी वीरेंद्र, कमलेश, रामसिंह, विजय, जगदीप, रणवीर, कृष्ण व बलकेश ने सहयोग किया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों की जांच भी की जा रही है। झुंझुनूं पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!