झुंझुनूं: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुढ़ागौड़जी और खेतड़ी क्षेत्र में इनामी बदमाशों, अवैध हथियार रखने वाले आरोपी और नकबजनी के आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लाखों के जेवरात, सोने के कंगन और अवैध देशी कट्टा बरामद किया।

गुढ़ागौड़जी: नीम की ढाणी में महिलाओं पर हमला, घर में तोड़फोड़ और जानलेवा मारपीट का मामला, दो इनामी बदमाश पकड़े
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और आगजनी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार पुत्र शीशराम निवासी नीम की ढाणी तन बामलास तथा राजकुमार पुत्र गुरुदयाल निवासी नीम की ढाणी तन बामलास को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को सुमन देवी पत्नी स्वर्गीय बुद्धराम निवासी नीम की ढाणी तन बामलास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट की तथा आंखों में लाल मिर्च डाल दी। बीच-बचाव करने आए लोकुराम के साथ भी लकड़ी, कुल्हाड़ी और केबल से हमला किया गया। घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता ने रिपोर्ट में यह भी बताया कि आरोपियों ने इससे पहले भी उनके घर पर हमला और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दोनों पांच-पांच हजार रुपये के इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गुढ़ागौड़जी: मुखबिर की सूचना पर नंगली दीपसिंह में पुलिस की कार्रवाई, अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश पुत्र शेरसिंह निवासी नंगली दीपसिंह के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव नंगली दीपसिंह में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

अवैध खनन जांच करने पहुंची टीम पर हमला, सरकारी वाहन के शीशे तोड़े, बबाई थाना पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे
बबाई थाना क्षेत्र के कालोटा गांव में वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नागरमल पुत्र झाबरमल निवासी ढाणी परमाकावाली तन कालोटा, कालुराम पुत्र पोकरमल निवासी ढाणी परमाकावाली तन कालोटा और जयचन्द उर्फ शैतान सिंह पुत्र झाबरमल निवासी ढाणी परमाकावाली तन कालोटा शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम अवैध खनन की जांच के लिए कालोटा क्षेत्र पहुंची थी। इसी दौरान 10 से 12 लोगों ने एकराय होकर सरकारी टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने राजकीय वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और विभागीय टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
खेतड़ी पुलिस को नकबजनी मामले में बड़ी सफलता, 4 लाख के सोने के कंगन बरामद
खेतड़ी थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में गिरफ्तार आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू पुत्र रोहिताश्व निवासी वार्ड नंबर 18 चेलापुरी खेतड़ी के कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन बरामद किए हैं।

मामला 12 जनवरी 2026 का है, जब शीला निवासी वार्ड नंबर 19 लक्ष्मी टॉकीज के पास खेतड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जयपुर गई हुई थीं और वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। अज्ञात बदमाश नकदी, जेवरात और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर ले गए थे।

पुलिस ने तकनीकी जांच और आसूचना के आधार पर आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू को गिरफ्तार किया। इससे पहले आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 90 हजार रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है। अब पुलिस ने उसके कब्जे से चार लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन भी बरामद कर लिए हैं।

झुंझुनूं पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में मचा हड़कंप
झुंझुनूं पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। जिले में इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध हथियारों की बरामदगी और चोरी के मामलों में रिकवरी से पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




