पिलानी: क्षेत्र के ग्राम ढंढार में सोमवार को राजस्थान सरकार की ओर से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत पंचायत कार्यालय ढंढार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा। इस दौरान ग्राम रथ के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में गांव के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने योजनाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

ग्राम रथ अभियान के दौरान ग्रामीणों में सरकारी योजनाओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में फत्तेसिंह भगासरा, नारायण भगसरा, मुनेश धारीवाल, देवेंद्र सिंह शेखावत, किशोर लाल जांगिड़, सुल्तान बाढ़ेटिया, श्रवण भाटी और बजरंग भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

राजस्थान सरकार की ओर से चलाया जा रहा ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रमुख माध्यम बनता जा रहा है। इस अभियान के जरिए किसानों और पशुपालकों को सरकारी सहायता, अनुदान और विकास योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।




