चिड़ावा: शहर में राजस्थान प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 2026 के दौरान पुलिसकर्मियों ने मानवता की मिसाल पेश की। प्रवेश पत्र अस्पष्ट होने पर अभ्यर्थी की मदद करते हुए नया प्रवेश पत्र निकलवाया और उसकी सालों की मेहनत बचा ली। घटना अब शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

चिड़ावा में भर्ती परीक्षा के दौरान दिखी पुलिस की संवेदनशीलता
चिड़ावा में रविवार सुबह आयोजित राजस्थान प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 2026 के दौरान पुलिसकर्मियों का मानवीय चेहरा चर्चा का विषय बन गया। आमतौर पर परीक्षा केंद्रों पर सख्ती को लेकर पुलिस और प्रशासन चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाकर एक अभ्यर्थी की वर्षों की मेहनत पर पानी फिरने से बचा लिया।

राजस्थान प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 2026 की प्रथम पारी में चिड़ावा कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब एक अभ्यर्थी समय पर चेकिंग करवाकर परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंच गया, लेकिन परीक्षा कक्ष में प्रवेश के दौरान उसके प्रवेश पत्र में रोल नंबर कटा हुआ और अस्पष्ट पाया गया। इसके बाद परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने उसे नया और स्पष्ट प्रवेश पत्र लाने के लिए कहा।

मुख्य द्वार बंद होने से बढ़ी अभ्यर्थी की चिंता
निर्धारित समय सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया था। ऐसे में अभ्यर्थी के सामने बड़ी दुविधा खड़ी हो गई। यदि वह बाहर जाता तो दोबारा परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलना लगभग असंभव था। उस समय उसका कोई परिचित या साथी भी केंद्र के बाहर मौजूद नहीं था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई।

पुलिसकर्मियों ने दौड़कर निकलवाया नया प्रवेश पत्र
परेशान अभ्यर्थी ने बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई और किसी ई-मित्र केंद्र से नया प्रवेश पत्र निकलवाने का अनुरोध किया। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए तत्परता दिखाई और नजदीकी ई-मित्र केंद्र से अभ्यर्थी का नया व स्पष्ट प्रवेश पत्र निकलवाकर तुरंत उपलब्ध कराया। इसके बाद अभ्यर्थी समय रहते परीक्षा में शामिल हो सका।

शहरभर में हो रही पुलिसकर्मियों की सराहना
पुलिसकर्मियों के इस मानवीय व्यवहार की अब शहरभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि सख्ती के साथ संवेदनशीलता भी पुलिस की बड़ी पहचान होती है। समय रहते की गई इस मदद ने एक अभ्यर्थी के भविष्य को सुरक्षित कर दिया।





