चिड़ावा में तेज रफ्तार कार मकान की सीढ़ियों से टकराई, चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया, वार्ड 39 की संकरी गली में हुई घटना

चिड़ावा: शहर के वार्ड नंबर 39 स्थित श्री श्याम मंदिर के पीछे की एक संकरी गली में रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने तेज गति से कार चलाते हुए उसे एक मकान की सीढ़ियों में भिड़ा दिया। जोरदार टक्कर से मकान की सीढ़ियां और कार दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और कार चला रहे युवक को पकड़ लिया। युवक की पहचान हरियाणा के भिवानी जिले के गांव जूई निवासी मनीष के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस थाना चिड़ावा से हेड कांस्टेबल भीम कौर मौके पर पहुंचीं और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गईं।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक नशे की हालत में था, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। संकरी गली में दुर्घटनाग्रस्त कार को रास्ते से हटाने के लिए क्रेन मंगवाई गई।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने मांग की कि रिहायशी क्षेत्रों में तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!