चिड़ावा: नगरपालिका ने जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रगणक श्यामलाल चेजारा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नगरपालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या 39 के ब्लॉक संख्या 0087 में 15 मई 2026 तक 100 प्रतिशत स्व-गणना कार्य पूर्ण करने पर यह सम्मान प्रदान किया गया।

अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि जनगणना 2027 के दौरान चिड़ावा नगरपालिका क्षेत्र में स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ब्लॉक संख्या 0087 के प्रगणक श्यामलाल चेजारा ने पूर्ण निष्ठा, दक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा से पहले अपने क्षेत्र में 100 प्रतिशत स्व-गणना कार्य पूरा किया। उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए नगरपालिका द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान कनिष्ठ अभियंता आकाश कुमार, कनिष्ठ लेखाकार संजय चौधरी, प्रधानाचार्य सुशील कुमार, उप प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा, अध्यापक शशिकांत शर्मा, अध्यापक मोहन लाल सैनी, फायरमैन दीपक जांगिड़ और राजकुमार शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनगणना कार्य को लेकर अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित किया गया।

नगरपालिका अधिकारियों ने कहा कि स्व-गणना अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और नागरिक डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर रहे हैं। इससे जनगणना कार्य में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ी हैं।




