पिलानी: शेखावाटी क्षेत्र के प्रमुख चिकित्सा संस्थान बिरला सार्वजनिक अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाते हुए प्रसिद्ध जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. लोकेश Kumar जांगीड़ को नियमित सेवाओं के लिए नियुक्त किया है। अस्पताल प्रशासन की इस पहल को पिलानी सहित आसपास के ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के मरीजों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

सोमवार को अस्पताल परिवार की ओर से डॉ. लोकेश कुमार जांगीड़ का स्वागत किया गया। इस दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके जैन सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। अस्पताल निदेशक डॉ. मधुसूदन मालानी के नेतृत्व में अस्पताल लगातार आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे क्षेत्रीय मरीजों को महानगरों जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

डॉ. लोकेश कुमार जांगीड़ के अस्पताल से जुड़ने के बाद अब क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, पेट की गंभीर चोटों का उपचार, सड़क हादसों से जुड़ी आपातकालीन सेवाएं, स्तन एवं थाइराइड कैंसर का विशेष इलाज, पेट, आंत और लीवर से संबंधित जटिल सर्जरी जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अलावा हाइड्रोसिल, अपेंडिक्स, बवासीर और मवाद जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिलेगा। इससे मरीजों को बड़े शहरों में इलाज के लिए जाने की आवश्यकता कम होगी।

अस्पताल निदेशक डॉ. मधुसूदन मालानी ने कहा कि बिरला सार्वजनिक अस्पताल “शेखावाटी के एसएमएस” के रूप में अपनी पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। अस्पताल का उद्देश्य ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्र के लोगों को सस्ती, सुलभ और उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि मरीजों को इलाज के लिए जयपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए अस्पताल लगातार विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीकों को जोड़ रहा है।

क्षेत्र के लोगों ने अस्पताल में नई विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत पर खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि अब गंभीर बीमारियों और जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी तथा समय और धन दोनों की बचत हो सकेगी।




