खेतड़ी: सरदारपुरा में जमीन विवाद बना तनाव का कारण, दो पक्षों में मारपीट और आगजनी

खेतड़ी, 26 जून: पंचायत समिति की लोयल पंचायत के राजस्व गांव सरदारपुरा में गुरुवार देर रात भूमि विवाद ने उग्र रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट हुई और एक पक्ष के पशुओं के बाड़े में आग लगा दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव के मोहरसिंह और कैलाश के बीच 72 बीघा कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है, जिस पर उपखंड कार्यालय झुंझुनूं द्वारा पहले ही स्थगन आदेश जारी किया जा चुका है। कैलाश ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व मोहरसिंह ने उक्त भूमि पर टायल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया था, जिसे उन्होंने रोका था। इसके बाद देर रात मोहरसिंह अपने कुछ संबंधियों के साथ उनके घर पहुंचा और धारदार हथियारों से हमला करने की कोशिश की। शोर मचाने पर कैलाश के परिजन जाग गए, जिससे मोहरसिंह और उसके साथ आए लोग मौके से भाग गए।

वहीं, दूसरी ओर मोहरसिंह पक्ष की शारदा देवी ने बताया कि कैलाश पक्ष के लोग उनके घर आए, गाली-गलौज की और छप्पर को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने इसे पूर्व नियोजित हमला बताया। मामले की सूचना मिलते ही खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

घटना को लेकर दोनों ही पक्षों ने खेतड़ी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को पाबंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, हालांकि पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में निगरानी बढ़ा दी है।

यह विवाद लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव का कारण बना हुआ था, लेकिन हालिया घटनाक्रम ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!