खेतड़ी: उपखंड की रामकुमारपुरा पंचायत स्थित ढाणी शिशुवाला में गुरुवार को एक विवाहिता का शव ससुराल में पंखे से लटका हुआ मिला। मामले ने तब तूल पकड़ा जब पीहर पक्ष की ओर से मृतका के ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाया गया। सूचना पर खेतड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अजीत राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्च्यूरी में भिजवाया।

मृतका के भाई मनीष कुमार, निवासी बापोड़ा (हरियाणा) ने बताया कि उसकी बहन मोनिका की शादी वर्ष 2014 में ढाणी शिशुवाला निवासी जयसिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाने लगा। मनीष के अनुसार वर्ष 2024 में मोनिका के साथ मारपीट कर उसे ससुराल से निकाल दिया गया था। बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौते के बाद मोनिका को पुनः ससुराल लाया गया।

परिजनों का आरोप है कि 23 जून को भी ससुराल पक्ष की ओर से रुपयों को लेकर मोनिका के साथ मारपीट की गई थी। गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव पंखे से लटका मिला। मोनिका के दो बच्चे हैं—बेटा दक्ष (10 वर्ष) और बेटी दिक्षा (8 वर्ष), जो विद्यालय में अध्ययनरत हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही थानाधिकारी कैलाश चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया गया। मोनिका के भाई मनीष ने पति जयसिंह, जेठ विजय कुमार, सास सुमित्रा और जेठानी जयश्री के खिलाफ षड्यंत्रपूर्वक दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जाएगा ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। ससुराल पक्ष के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!