उदयपुरवाटी: छापोली ग्राम पंचायत की जोधावाली ढाणी में अवैध ब्लास्टिंग और अवैध खनन के खिलाफ शुक्रवार को स्थानीय निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग से घरों में दरारें आ रही हैं, पत्थर गिर रहे हैं और लोगों की जमीन में जबरन खनन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दिन-रात खनन कंपनी की ओर से अवैध ब्लास्टिंग की जा रही है। इससे तेज धमाकों के साथ घरों की दीवारों में दरारें पड़ रही हैं और पत्थर टूटकर घरों की छतों पर गिर रहे हैं। लोग दहशत में जीवन जीने को मजबूर हैं।
ढाणी में उड़ने वाली बेहद पतली मिट्टी और धूल के कारण लोगों को सांस की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग टीवी (TB) जैसी गंभीर बीमारी तक का शिकार हो चुके हैं।
ग्रामवासियों का कहना है कि उनकी निजी भूमि में बिना अनुमति खनन किया जा रहा है और विरोध करने पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पास ही नरेगा के तहत करवाए जा रहे निर्माण कार्य को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि खनन माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। चुनाव के समय आने वाले नेता समस्या सुनने के बजाय माफियाओं से मिलकर लौट जाते हैं, जिससे जनता बेहद नाराज है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि अवैध ब्लास्टिंग और खनन बंद नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और कठोर कदम उठाने की अपील की है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें हैं- अवैध ब्लास्टिंग और खनन पर तत्काल रोक लगे। नुकसान की भरपाई और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए। खनन माफिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। ब्लास्टिंग क्षेत्र से बस्ती को सुरक्षित किया जाए।




