अलीगढ़, उत्तर प्रदेश: गांव छेरत में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब मिट्टी खोदते समय एक गड्ढा अचानक धंस गया। इस घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को छेरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना अनुसूचित जाति की बस्ती के पास स्थित एक खाली प्लॉट में हुई, जो अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति का है। प्लॉट मालिक ने एक हिस्से में मकान बना लिया है, जबकि दूसरा हिस्सा खाली पड़ा है। इस खाली प्लॉट में कच्चे घरों की पुताई के लिए मिट्टी निकाली जाती है। शनिवार की शाम गांव निवासी रामू की पत्नी क्रांति देवी अपने पुत्र ऋतिक (10), ब्रह्मदेव की पत्नी मछला अपनी बेटी शिवानी और पिंटू की बेटी प्रियंका (10) के साथ इस गड्ढे से मिट्टी लेने गई थीं।

अचानक धंसा गड्ढा, मिट्टी में दब गए सभी
बताया जा रहा है कि ऋतिक और प्रियंका मिट्टी खोदने के लिए गड्ढे में नीचे उतर गए थे। खुदाई के दौरान मिट्टी अचानक धंस गई, जिससे पांचों लोग मिट्टी में दब गए। महिलाओं की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत मिट्टी हटाकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल छेरत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऋतिक और प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
प्लॉट मालिक दिन में मिट्टी निकालने से रोकता था
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दिन के समय प्लॉट मालिक मिट्टी निकालने की अनुमति नहीं देता था, जिसके चलते महिलाएं शाम के समय चोरी-छिपे मिट्टी खोदने आती थीं। शनिवार की शाम भी दोनों महिलाएं बच्चों के साथ मिट्टी लाने आई थीं। हमेशा की तरह मिट्टी की खुदाई के दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।