चिड़ावा, 12 अक्टूबर 2024: समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सरला पाठशाला की संचालिका अनीता पूनिया को ‘मदर टेरेसा समर्पण समाज गौरव 2024’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 10 नवंबर 2024 को जयपुर में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया जाएगा।
2019 से अनीता पूनिया द्वारा संचालित सरला पाठशाला आज जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा का केंद्र बन चुकी है। शुरुआत में केवल 2 बच्चों के साथ शुरू हुई इस पाठशाला में अब 97 से अधिक बच्चे निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इस संस्था के माध्यम से उन्होंने कई बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराकर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा है। अनीता पूनिया का हमेशा से उद्देश्य समाज के निर्धन और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करना रहा है। उन्होंने सैकड़ों लड़कियों के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत निशुल्क खाते खुलवाकर उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सुनिश्चित किया है।
समाज सेवा के इस समर्पण और परिश्रम को सम्मानित करते हुए, उन्हें ‘मदर टेरेसा समर्पण समाज गौरव 2024’ से नवाजा जाएगा। यह अवार्ड उनके निरंतर प्रयासों और समाज के प्रति सेवा भावना के प्रतीक के रूप में उन्हें दिया जा रहा है।