पिलानी में सांड ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, युवक नाले में जा गिरा, घटना सीसीटीवी में कैद, त्रिवेणी प्याऊ मार्ग पर हुआ हादसा

पिलानी, 12 मई 2025: जिले के पिलानी कस्बे में बेसहारा सांडों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। 9 मई को एक युवक को उस समय गंभीर चोटें आईं जब वह बाइक पर सवार होकर अपने कार्य से जा रहा था और एक आवारा सांड ने उसे सड़क पर चलते हुए अचानक टक्कर मार दी। यह पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

Advertisement's
Advertisement’s

घटना त्रिवेणी प्याऊ की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई, जहां एक सांड सड़क पर तेज गति से भागता हुआ आया और सामने से गुजर रहे बाइक सवार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक अपनी बाइक से उछलकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हादसा बेहद अचानक हुआ और बाइक सवार को बचने का कोई मौका नहीं मिला। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर अन्य कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने घायल युवक की सहायता की और तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

इस वीडियो के सामने आने के बाद कस्बे में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में खुलेआम घूम रहे बेसहारा सांडों को पकड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।

Advertisement's
Advertisement’s

शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में इन आवारा पशुओं का जमावड़ा बना रहता है जिससे दुर्घटनाओं की संभावना हमेशा बनी रहती है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार सांड दुकानों के बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंचा चुके हैं।

नगरपालिका को बार-बार शिकायतें देने के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!