बुहाना: बड़बर-बुहाना मार्ग पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि टैंकर में आग लगने से बड़ा हादसा हो सकता है।

आग लगने की सूचना पर दौड़ी फायर ब्रिगेड
हादसे की जानकारी मिलते ही चिड़ावा अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर फाइटर दयाराम और प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें डीजल टैंकर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम पूरी तैयारी के साथ घटनास्थल पहुंची, लेकिन मौके पर पहुंचने पर टैंकर पलटा हुआ मिला और आगजनी जैसी कोई घटना नहीं मिली।

स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि टैंकर में आग लग जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। डीजल से भरा टैंकर सड़क पर पलटने के बाद कुछ समय तक लोगों में भय का माहौल बना रहा। हालांकि समय रहते स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की जनहानि या आगजनी नहीं हुई।
क्रेन की मदद से टैंकर को किया गया सीधा
हादसे के बाद प्रशासनिक सतर्कता के तहत क्रेन को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पलटे हुए टैंकर को सीधा किया गया। इस दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर तैनात रही। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से भरे वाहनों के परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।





