चिड़ावा: शहर के परशुराम भवन में ब्रह्म चैतन्य संस्थान द्वारा आयोजित शिक्षा गौरव सम्मान समारोह में 118 प्रतिभावान विद्यार्थियों और सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया। आरएएस बनीं कृष्णा शर्मा का विशेष सम्मान समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।

चिड़ावा में प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान, शिक्षा और सफलता का दिखा उत्सव
चिड़ावा शहर के परशुराम भवन में शुक्रवार को ब्रह्म चैतन्य संस्थान द्वारा शिक्षा गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में ब्राह्मण समाज की उभरती प्रतिभाओं, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी झुंझुनूं अशोक शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता संस्थान के पूर्व अध्यक्ष विश्वनाथ अरड़ावतिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जैसलमेर उपखंड अधिकारी गजेंद्र शर्मा और संस्थान अध्यक्ष रामगोपाल मिश्र मौजूद रहे।

पृथ्वीराज शर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। संस्थान महामंत्री सुरेश शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन पेश करते हुए पिछले दो वर्षों के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा सदन के सामने रखा। अध्यक्ष रामगोपाल मिश्र ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

118 छात्र-छात्राओं को मिला शिक्षा गौरव सम्मान, बोर्ड और कॉलेज शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का सम्मान
समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कॉलेज शिक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले छात्र-छात्राओं को ‘शिक्षा गौरव’ सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही प्रशासनिक और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को भी दुपट्टा ओढ़ाकर, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान कुल 118 प्रतिभाओं को उनकी शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज और उत्साहपूर्ण माहौल ने समारोह को यादगार बना दिया।

आरएएस बनीं कृष्णा शर्मा रहीं समारोह का मुख्य आकर्षण
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण आरएएस बनीं कृष्णा शर्मा का सम्मान रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय काजड़ा के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा की पुत्री कृष्णा शर्मा की उपलब्धि पर वक्ताओं ने उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मंच से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि निरंतर मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के बल पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने विद्यार्थियों को भविष्य निर्माण के लिए अनुशासन और निरंतर अध्ययन का महत्व बताया। वहीं जैसलमेर एसडीएम गजेंद्र शर्मा ने कहा कि जीवन में लक्ष्य स्पष्ट हो तो मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद

समारोह में पुष्करलाल मिश्रा, डॉ. एलके शर्मा, शुभराम शर्मा, विनोद अरड़ावतिया, सुरेंद्र शर्मा, कैलाश चतुर्वेदी, कमलेश मिश्रा, अवतार कृष्ण शर्मा, एडवोकेट लोकेश शर्मा, रामचंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, गिरधर गोपाल महमियां, राधेश्याम सुखाड़िया, संतोष अरड़ावतिया, विष्णुदत्त, सुशील शर्मा और अनुज शर्मा बगड़ सहित समाज के अनेक महिला-पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।




