चिड़ावा: शहर में झुंझुनूं जिला उपभोक्ता समिति की बैठक में उपभोक्ता अधिकार, बैंक मिनिमम बैलेंस चार्ज, पानी संकट और पेट्रोल पंप शौचालय जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति ने आम उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य योजना तैयार करने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर आयोजित हुई अहम बैठक
जिला उपभोक्ता समिति इकाई चिड़ावा की बैठक का आयोजन समिति के नगर अध्यक्ष कवि नगेन्द्र शर्मा “निकुंज” की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समिति के जिलाध्यक्ष प्रभुशरण तिवाड़ी मौजूद रहे, जबकि मुख्य वक्ता के तौर पर जिला संगठन प्रभारी कैप्टन शंकर लाल महरानिया ने भाग लिया। बैठक में आम उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

उपभोक्ता अधिकार और कर्तव्यों की दी जानकारी
बैठक के दौरान प्रभुशरण तिवाड़ी और कैप्टन शंकर लाल महरानिया ने समिति सदस्यों को उपभोक्ता अधिकारों और कर्तव्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है, ताकि बाजार और संस्थानों द्वारा होने वाले शोषण को रोका जा सके। साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य योजना बनाकर संगठित तरीके से काम करने पर जोर दिया गया।

बैंक मिनिमम बैलेंस चार्ज को लेकर आंदोलन की चेतावनी
समिति सचिव टैक्स एडवोकेट विक्रम सिंह शेखावत ने बैठक में बैंकों द्वारा खातों में न्यूनतम राशि नहीं रखने पर लगाए जा रहे शुल्क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि मिनिमम बैलेंस के नाम पर आम उपभोक्ताओं से की जा रही वसूली किसी लूट से कम नहीं है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन चलाने की बात भी कही।

पानी संकट और पेट्रोल पंप सुविधाओं पर भी उठे सवाल
बैठक में चिड़ावा शहर में लगातार गहराते पानी संकट पर चिंता व्यक्त की गई। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध शौचालयों को आम नागरिकों के लिए सुचारू रूप से उपलब्ध करवाने सहित कई उपभोक्ता हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

कई पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में उपाध्यक्ष दिनेश जांगिड़, अरविंद भगत, कोषाध्यक्ष राजेश पूनिया, मीडिया प्रभारी आशु स्वामी, सह सचिव विनोद चेजारा, जनसंपर्क सचिव सज्जन गोदारा, जयकिशन बाछुका, एडवोकेट जोगेंद्र कुमार, डॉ. आशीष गिरधर, योगेश दादरवाल, महिला सदस्य कोमल भारतीय, पूजा नायक और सोनू कुमारी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। बैठक का संचालन विक्रम सिंह शेखावत ने किया।




