पिलानी: कस्बे के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां जाखड़ ट्रेवल्स ऑफिस से जुड़ी चाय-किराणा दुकान को अज्ञात युवकों ने निशाना बना लिया। दुकान संचालक के कुछ देर के लिए बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने गल्ले से हजारों रुपए नकद और सोने की चेन चुरा ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
बस स्टैंड पर देर रात वारदात, व्यापारी को लगा बड़ा झटका
घटना 23 दिसंबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित अशोक पुत्र बाबूलाल, निवासी वार्ड नंबर 11 पिलानी, पिलानी बस स्टैंड पर जाखड़ ट्रेवल्स ऑफिस में चाय, पानी और किराणा की दुकान संचालित करता है, जहां बसों की टिकट बुकिंग का काम भी होता है। इसी दौरान तीन युवक दुकान पर पहुंचे और सामान्य ग्राहक बनकर सामान खरीदा।
पेशाब के लिए बाहर गया दुकानदार, पीछे से खुला गल्ला
पीड़ित के अनुसार, जब वह कुछ देर के लिए पेशाब करने बाहर गया, तभी तीनों युवकों में से एक युवक ने मौका देखकर दुकान का गल्ला खोल लिया। गल्ले में रखी लगभग 60 से 65 हजार रुपए की नकद राशि और एक सोने की चेन चोरी कर ली गई। वारदात के समय दुकान पर पीड़ित के मामा मौजूद थे, लेकिन उन्हें घटना की भनक नहीं लग सकी।
CCTV फुटेज में साफ दिखा चोरी करता युवक
घटना के बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो सामने आया कि तीन युवकों में से एक युवक चोरी की पूरी वारदात को अंजाम देता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फुटेज में युवक का गल्ला खोलना और नकदी निकालना साफ नजर आ रहा है।
अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पीड़ित अशोक पुत्र बाबूलाल ने अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की चोरी की घटना ने व्यापारियों और आम यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।





