पिलानी: थाना क्षेत्र के लिखवा गांव में शराब ठेके पर हुई फायरिंग और रंगदारी मांगने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हिमांशु जाट और पंकज उर्फ टोनी को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय शर्मा उर्फ अक्षय पंडित और सचिन मेघवाल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की 10 विशेष टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में झुंझुनू पुलिस ने लिखवा शराब ठेके पर फायरिंग की घटना के तुरंत बाद ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। देवेन्द्र सिंह राजावत और विकास धींधवाल के मार्गदर्शन में चन्द्रभान थानाधिकारी पिलानी ने त्वरित एक्शन लेते हुए टीमों को सक्रिय किया।

एफएसएल टीम और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने साक्ष्यों का संग्रह किया। मुखबिरों व तकनीकी इनपुट के आधार पर 27 नवंबर को इलाके से हिमांशु जाट और पंकज उर्फ टोनी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक हरियाणा में भी वांछित अक्षय पंडित ने अपने गैंग के जरिए पिलानी और आसपास ठेकों पर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी।

शक यह भी है कि गिरोह अवैध हथियारों के दम पर इलाके में दहशत फैला कर शराब कारोबार में हिस्सेदारी मांग रहा था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अक्षय पंडित और सचिन मेघवाल को भी पकड़ लिया जाएगा।

परिवादी चैन सिंह और योगेश घटना के समय ठेके पर मौजूद थे। शाम करीब 7:30 बजे दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए। पहले धमकी भरा नोट दिया, फिर गेट की ग्रिल के बाहर से कांच की बोतलों और खुले क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग की और भाग निकले।

धमकी में लिखा था कि “हिस्सेदारी और महीना दो, नहीं तो जो सेल्समैन मिलेगा उसकी मौत की जिम्मेदारी खुद उसकी होगी।”

पुलिस ने दो वांछित आरोपियों — अक्षय पंडित (रोहतक) और सचिन मेघवाल (लिखवा) पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने सख्त चेतावनी जारी की है “इन आरोपियों को शरण या कोई भी अवैध मदद देने वाले के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु जाट, निवासी नरहड, उम्र 19 वर्ष व पंकज उर्फ टोनी, निवासी इस्माइलपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!