चिड़ावा: पुरी की रथ यात्रा परंपरा के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए चिड़ावा में भी शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की पालकी यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। हरिनाम प्रभात फेरी मंडल द्वारा आयोजित इस आयोजन की शुरुआत कॉलेज रोड स्थित जगदीश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूजा अनुष्ठान में अमरराज महर्षि ने वैदिक मंत्रोच्चार किया।

इसके बाद भगवान की पालकी कल्याण राय मंदिर के पास लाई गई, जहां प्रकाश पुजारी के सानिध्य में पूजन कर विग्रहों को सजाई गई पालकी में विराजमान किया गया। पालकी को श्रद्धालुओं ने कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण आरंभ किया। डीजे की धुनों और हरिनाम संकीर्तन के बीच यात्रा कल्याण राय मंदिर से रवाना होकर गौशाला रोड, सीएमके कॉम्प्लेक्स, हजारिका कुएं के पास, मुकेश जालिंद्रा के घर, राजेंद्र कोच के घर होते हुए वापस गौशाला रोड, थाने के रास्ते विवेकानंद चौक पहुंची।

यहां विवेकानंद मित्र परिषद के तत्वावधान में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा पुनः कल्याण राय मंदिर मार्ग से होकर जगदीश मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मंदिर में वाणी भूषण प्रभुशरण तिवाड़ी ने भगवान जगन्नाथ के जीवन से जुड़ी कथाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान किया।

नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती, पुष्पवर्षा, पूजन और आतिशबाजी कर स्वागत किया। महिलाओं ने मार्गों पर विशेष सजावट की और भगवान की मूर्तियों का पूजन किया। चारों ओर हरे राम, हरे कृष्ण, जय जगन्नाथ और जगन्नाथ स्वामी के गगनभेदी उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस आयोजन में शंकरलाल वर्मा, देवानंद चौधरी, महेश शर्मा धन्ना, झंडी प्रसाद हिम्मतरामका, श्याम जांगिड़, रोहिताश महारानियां, राकेश सर्राफ, राजकुमार जिसपाल, रामचंद्र शर्मा, महेश आजाद, कैलाश सैनी, सांवरमल पारीक, मधु शर्मा, सुरेश मालानी, प्रकाश मालानी, सुभाष पंवार, प्रवीण पलड़िया, संजय माइकल, अमित सूरजगढ़िया, मुकेश ककरानिया, मुकेश जलिंद्रा, मुकेश सोलंकी, गोलू हलवाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन का समापन भक्तिमय माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!